भट्टुकलां,29जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा): पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल निर्देशन में थाना भट्टू कलां पुलिस द्वारा गांव किरढान में हुई फायरिंग, जानलेवा हमले व तोड़फोड़ की गंभीर घटना में प्रभावी कार्यवाही करते हुए नौवें आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
थाना भट्टु कलां प्रभारी उप निरिक्षक राधेश्याम ने बताया की दिनांक 29/30.12.2025 की रात्रि को गांव किरढान में आपसी रंजिश के चलते आरोपियों द्वारा पीड़ित कुलदीप सिंह पुत्र राधेश्याम के घर पर हमला किया गया। आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे के पाइप व अवैध हथियारों से तोड़फोड़ करते हुए पीड़ित व उसके परिजनों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
इस संबंध में थाना भट्टू कलां में मुकदमा नंबर 270 दिनांक 30.12.2025 धारा 331(6), 191(2), 190, 109(1), 351(3), 324(5) बीएनएस तथा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस मामले में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अब नौवें आरोपी यश गोस्वामी पुत्र रामचन्द्र निवासी शीशवाल जिला हिसार की गिरफ्तारी कर ली गई है। मामले की जांच लगातार जारी है, अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने वाले अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






