चंडीगढ़, 29 जनवरी 2026: चंडीगढ़ के मेयर पद के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी को चंडीगढ़ का नया मेयर चुना गया है। इस चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत देखने को मिली।
मेयर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को कुल 18 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार को 11 वोट और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को 7 वोट प्राप्त हुए। नतीजों के साथ ही नगर निगम में भाजपा का दबदबा स्पष्ट हो गया।
गौरतलब है कि मतदान से पहले ही भाजपा पार्षद सौरभ जोशी को समर्थकों द्वारा बधाइयाँ दी जा रही थीं। इस बार मेयर का चुनाव सीक्रेट बैलेट के बजाय पार्षदों द्वारा हाथ उठाकर किया गया, जो अपने आप में एक अहम बदलाव रहा।
यह भी पहली बार हुआ है जब चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस—तीनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे। चुनाव प्रक्रिया और नतीजों ने शहर की सियासत में नया मोड़ ला दिया है।






