पंचकूला, 28 जनवरी 2026: पंचकूला के मोरनी इलाके में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक थार वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चार लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही चंडीमंदर थाना प्रभारी (एसएचओ) भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।






