मुंबई, 28 जनवरी 2026: बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल गायकों में शुमार अरिजीत सिंह ने साल के पहले महीने में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अब वे फिल्मों के लिए गीत नहीं गाएंगे। गायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर स्पष्ट किया कि वह आगे से प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम स्वीकार नहीं करेंगे।
इंस्टाग्राम पर साझा की गई पोस्ट में अरिजीत सिंह ने लिखा,
“नमस्ते, आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं। इतने वर्षों से श्रोता के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब आगे से मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नया काम नहीं लूंगा। मैं इसे यहीं समाप्त कर रहा हूं। यह एक बेहद खूबसूरत सफर रहा है।”
हालांकि, प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के ऐलान के साथ ही अरिजीत सिंह ने यह भी साफ कर दिया कि वे संगीत बनाना बंद नहीं करेंगे। इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भी अपने फैसले को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
अरिजीत ने कहा कि भले ही वे अब फिल्मों के लिए गाना नहीं गाएंगे, लेकिन वे स्वतंत्र रूप से संगीत बनाते रहेंगे। 38 वर्षीय गायक ने यह भी बताया कि वे अपनी पुरानी सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे, इसलिए प्रशंसक इस साल भी उनकी आवाज में कुछ नए गाने सुन सकेंगे।
X पर अरिजीत सिंह ने लिखा,
“भगवान मुझ पर बहुत दयालु रहे हैं। मैं अच्छे संगीत का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं और एक छोटे कलाकार के रूप में सीखता रहूंगा और अपने दम पर काम करता रहूंगा। आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। मेरे कुछ पुराने वादे बाकी हैं, जिन्हें मैं पूरा करूंगा। इसलिए इस साल आप मेरी कुछ रिलीज़ जरूर सुनेंगे। साफ तौर पर कह दूं—मैं संगीत बनाना बंद नहीं कर रहा हूं।”
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह आज भारतीय संगीत उद्योग के सबसे बड़े नामों में से एक माने जाते हैं। उनकी आवाज न सिर्फ रोमांटिक गीतों की पहचान बन चुकी है, बल्कि उन्होंने दर्द, सूफी और देशभक्ति गीतों में भी अपनी अलग छाप छोड़ी है। फिल्म “आशिकी 2” का गीत “तुम ही हो” उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
अरिजीत सिंह ने हिंदी के अलावा बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी और कन्नड़ भाषाओं में भी गीत गाए हैं। वे अब तक 300 से अधिक फिल्मों को अपनी आवाज दे चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। स्पॉटिफाई, यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वे दुनिया के सबसे अधिक सुने जाने वाले भारतीय कलाकारों में शामिल हैं।
अरिजीत सिंह का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो “फेम गुरुकुल” से की थी, जहां वे जीत हासिल नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया, लेकिन अपनी मेहनत और लगन के बल पर वह मुकाम हासिल किया, जहां एक समय हर फिल्म में उनकी आवाज का एक गीत होना लगभग जरूरी माना जाने लगा।






