HomePunjabगणतंत्र दिवस से पहले पंजाब में बड़ा धमाका, सरहिंद रेलवे लाइन पर...

गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब में बड़ा धमाका, सरहिंद रेलवे लाइन पर विस्फोट से मालगाड़ी क्षतिग्रस्त

सरहिंद, 24 जनवरी 2026: गणतंत्र दिवस समारोह से महज 48 घंटे पहले पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। सरहिंद रेलवे लाइन पर देर रात एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक मालगाड़ी का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मालगाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमाका बीती रात करीब 9.30 बजे हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज करीब ढाई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। धमाके के बाद रेलवे ट्रैक और मालगाड़ी के इंजन को नुकसान पहुंचा है। घटना के समय मालगाड़ी रेलवे लाइन से गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी स्थान पर कोई यात्री ट्रेन विस्फोट की चपेट में आती, तो जान-माल का नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था। धमाके की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और इलाके को घेर लिया गया।

घायल ड्राइवर को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए इस रूट पर ट्रेन यातायात रोक दिया और ट्रैक की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

गणतंत्र दिवस से पहले हुई इस घटना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस और खुफिया विभाग ने विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा था या किसी साजिश के तहत किया गया विस्फोट। रेलवे और राज्य सरकार की ओर से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments