नांदेड़/महाराष्ट्र, 18 जनवरी 2026: हक और सच्चाई की खातिर धर्म के लिए शीश न्योछावर करने वाले ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित भव्य धार्मिक समागम 24 जनवरी (शनिवार) और 25 जनवरी (रविवार) को तखत श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किए जा रहे हैं।
ये ऐतिहासिक समागम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सहयोग से दमदमी टकसाल और तखत श्री हजूर साहिब बोर्ड के नेतृत्व में राज्य स्तरीय रूप से मनाए जा रहे हैं। दमदमी टकसाल के मुखी संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा और शताब्दी समागम प्रबंधक समिति के चेयरमैन एवं तखत श्री हजूर साहिब के जत्थेदार संत ज्ञानी कुलवंत सिंह ने देश-विदेश की संगतों को बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।
इन दो दिवसीय शताब्दी समागमों के दौरान पंथ प्रसिद्ध कीर्तनियों और प्रचारकों द्वारा गुरबाणी कीर्तन और विचार गोष्ठियां होंगी। इसमें भाई चमंदीप सिंह (दिल्ली वाले), भाई चरणजीत सिंह हीरा, बाबा बंता सिंह, सचखंड श्री हरिमंदर साहिब के हजूरी रागी भाई जगतार सिंह, भाई कुलदीप सिंह, भाई बलजीत सिंह, तखत श्री हजूर साहिब के हजूरी रागी भाई सुरजीत सिंह खालसा, भाई तेजविंदर सिंह, भाई तेजवंत सिंह सहित दमदमी टकसाल के हजूरी रागी भाई गुरलाल सिंह अपने जत्थों के साथ हाजिरी भरेंगे।
समागमों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित देश-विदेश से अनेक धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों ने केंद्र और राज्य सरकारों से संगतों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष प्रबंध करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संगतों के ठहरने, लंगर और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई है। संगतों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में श्री हजूर साहिब पहुंचकर गुरु तेग बहादुर साहिब की महान शहादत को नमन करें और शताब्दी समागमों का लाभ उठाएं।






