परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर नेशनल हाईवे किया जाम
जालंधर, 17 जनवरी 2026: जालंधर के भोगपुर क्षेत्र के गांव बहिराम सरिश्ता में उस समय सनसनी फैल गई, जब दो नाबालिग दोस्तों के शव बरामद किए गए। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर लोहड़ी का त्योहार मनाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस इस घटना को सड़क हादसा बता रही है, जबकि मृतकों के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया।
परिजनों और गांव के लोगों ने दोनों बच्चों के शव नेशनल हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया और मांग की कि मामले में हत्या का केस दर्ज किया जाए। परिवार का कहना है कि जब तक नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया तो वे दोबारा हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय अर्शप्रीत सिंह और गोपेश उर्फ आर्यन के रूप में हुई है। अर्शप्रीत सिंह गांव भुंडियां का रहने वाला था, जबकि उसके पिता मुख्तियार सिंह रोजगार के सिलसिले में लीबिया में रहते हैं। अर्शप्रीत ने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और उसके एक भाई व एक बहन हैं। वहीं, गोपेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम अर्शप्रीत अपने दोस्त गोपेश के साथ लोहड़ी समारोह में गया था। रात करीब 8:30 बजे तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने फोन किया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद आ रहे थे।
दूसरी ओर, थाना भोगपुर के SHO राजेश अरोड़ा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत होता है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही एक बैलगाड़ी से टकरा गई, जिसके चलते बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






