HomeNationalउत्तरी रेलवे के विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 में फिरोजपुर मंडल का...

उत्तरी रेलवे के विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 में फिरोजपुर मंडल का शानदार प्रदर्शन

फिरोजपुर, 15 जनवरी, 2026: उत्तरी रेलवे द्वारा बुधवार को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय रेल संग्रहालय में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने 92 रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडलों को रनिंग शील्ड भी प्रदान की गई, जिनमें फिरोजपुर रेल मंडल से 10 पुरस्कार शामिल रहे।

उत्तरी रेलवे द्वारा हर वर्ष दो श्रेणियों में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार दिए जाते हैं। पहली श्रेणी में व्यक्तिगत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और विशेष योगदान के लिए पुरस्कार दिए जाते हैं, जबकि दूसरी श्रेणी में विभिन्न क्षेत्रों में समग्र प्रदर्शन के आधार पर मंडलों को रनिंग शील्ड से सम्मानित किया जाता है।

समारोह में अपर महाप्रबंधक मोहित चंद्रा, विभिन्न विभागों के प्रमुख, सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, यूनियनों एवं संगठनों के प्रतिनिधि तथा उत्तरी रेलवे महिला कल्याण संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने 92 रेल कर्मियों को उनकी अनुकरणीय सेवा के लिए सम्मानित किया। फिरोजपुर मंडल के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यक्तिगत श्रेणी में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त प्रदर्शन मानकों के आधार पर विभिन्न रनिंग शील्ड भी प्रदान की गईं।

फिरोजपुर मंडल ने कई श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुछ में एकल विजेता और कुछ में संयुक्त विजेता के रूप में सफलता हासिल की। मंडल ने रेल मदद शील्ड, पर्यावरण एवं स्वच्छता शील्ड और सेल्स मैनेजमेंट शील्ड एकल विजेता के रूप में जीती। वहीं सिविल इंजीनियरिंग ट्रैक शील्ड (अंबाला मंडल के साथ), ऑपरेटिंग कोचिंग शील्ड (लखनऊ मंडल के साथ), ऑपरेटिंग फ्रेट मैनेजमेंट शील्ड (दिल्ली मंडल के साथ) और दूरसंचार प्रदर्शन शील्ड (अंबाला मंडल के साथ) संयुक्त विजेता के रूप में प्राप्त की।

महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तरी रेलवे ने विभिन्न प्रमुख परिचालन क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन रेल कर्मियों ने समर्पण और उत्कृष्टता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सेवा के उच्च मानक स्थापित किए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments