अमृतसर 12 जनवरी 2026 : अमृतसर में एक निजी होटल में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पति मनदीप पर हत्या का आरोप लगाया है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अमृतसर के कोर्ट रोड स्थित एक निजी होटल में हुई। बताया जा रहा है कि मनदीप को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसने तेजधार हथियार से प्रभजोत कौर की हत्या कर दी और फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि प्रभजोत कौर की शादी करीब सात साल पहले मनदीप से हुई थी। शादी के बाद दोनों ऑस्ट्रेलिया चले गए थे और उन्हें वहां स्थायी निवास (पीआर) भी मिल चुका था। कुछ दिन पहले ही मनदीप अपनी पत्नी प्रभजोत कौर और छह वर्षीय बेटे के साथ बेटे की लोहड़ी मनाने के लिए भारत आया था।
लोहड़ी समारोह के बाद मनदीप ने बेटे को अपने ससुराल छोड़ दिया और पत्नी के साथ घूमने के बहाने अमृतसर के एक निजी होटल में रुका। इसी दौरान उसने कथित तौर पर प्रभजोत कौर की हत्या कर दी और फरार हो गया।
मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने आरोपी पति मनदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






