लुधियाना, 10 जनवरी 2026: पंजाब और जम्मू के स्कूलों एवं विद्यार्थियों को अब अपने कार्यों के लिए सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय हेतु मोहाली नहीं जाना पड़ेगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपना क्षेत्रीय कार्यालय मोहाली से लुधियाना स्थानांतरित कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीएसई का स्थायी क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ रोड पर सरकारी भूमि पर बनाए जाने की योजना है। फिलहाल बोर्ड ने शेरपुर रोड स्थित एक इमारत में अस्थायी रूप से कार्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय कार्यालय में कुल 12 विभाग कार्यरत होते हैं, जिनमें से चार विभागों ने लुधियाना के नए अस्थायी कार्यालय में अपना काम शुरू कर दिया है। शेष विभागों को भी चरणबद्ध तरीके से मोहाली से लुधियाना स्थानांतरित किया जा रहा है।
बोर्ड सूत्रों का कहना है कि लुधियाना एक केंद्रीय शहर होने के कारण खासकर पंजाब के स्कूलों को यहां तक पहुंचने में कम दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। इससे स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।






