HomePunjabपंजाब में भाजपा ने ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना को लेकर...

पंजाब में भाजपा ने ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना को लेकर फाजिल्का से शुरू किया जनजागरूकता अभियान

चंडीगढ़, 7 जनवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम के खिलाफ पंजाब में राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान की शुरुआत फाजिल्का जिले के गांव खियोवाली ढाब से की। इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को नई योजना के लाभों से अवगत कराना और भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की पहल को उजागर करना है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि नई योजना के तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि गरीब मजदूर के हक का पैसा सीधे उसी तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 कर दिया गया है, जिससे मजदूर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। जाखड़ ने कहा कि नई व्यवस्था से ठेकेदारों और नेताओं के माध्यम से होने वाले भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, इसी कारण विपक्षी दल इस योजना का विरोध कर रहे हैं।

सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि पुरानी नरेगा योजना में भ्रष्टाचार के जरिए गरीबों के हक का पैसा हड़प लिया जाता था, लेकिन नई योजना में जवाबदेही तय की गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नरेगा से जुड़े 6,500 से अधिक भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अब तक किसी भी दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।

मुख्यमंत्री पर तीखा हमला करते हुए जाखड़ ने सवाल उठाया कि यदि पुरानी योजना इतनी ही अच्छी थी, तो फिर पंजाब में 100 दिन का रोजगार क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पंजाब में औसतन केवल 26 दिन का रोजगार मिला है, जबकि फाजिल्का जिले में यह आंकड़ा महज 17 दिन रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों के कारण पंजाब आज एक गंभीर मोड़ पर खड़ा है। कानून-व्यवस्था, नशों और गैंगस्टरवाद पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को उन्होंने सिर्फ एक प्रचार अभियान करार दिया।

सुनील जाखड़ ने दावा किया कि पंजाब की आर्थिक प्रगति, स्थिरता और सभी वर्गों के विकास के लिए भाजपा ही एकमात्र मजबूत विकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही पंजाब को आर्थिक संकट से निकालकर एक स्थिर, शांतिपूर्ण और समृद्ध राज्य बना सकती है।

इससे पहले कार्यक्रम को पूर्व मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी, विधायक संदीप जाखड़, वंदना सांगवान सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में लोग इस जनजागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के बाद सुनील जाखड़ ने फाजिल्का में उस स्थान का भी दौरा किया, जहां पुरानी नरेगा योजना के तहत करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के बावजूद आज तक झील का निर्माण नहीं हुआ, जबकि सरकारी खजाने से भुगतान किया जा चुका है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments