बरनाला 26 दिसंबर 2025: बरनाला जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि एसपी (डी), डीएसपी (डी), डीएसपी टापा और सीआईए थाना प्रभारी बलजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। यह टीम तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की निगरानी कर रही थी।
उन्होंने बताया कि बीती शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि बरनाला की अनाज मंडी में कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। इसके बाद सिटी वन प्रभारी लखविंदर सिंह और सीआईए प्रभारी बलजीत सिंह की टीमों ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने घबराकर पुलिस पार्टी पर दो राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद चारों आरोपियों को काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह, जसबीर सिंह, लखविंदर सिंह और संदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से .312 बोर की देसी पिस्तौल, एक .32 बोर की राइफल, कुछ जिंदा कारतूस, धारदार हथियार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने टापा और बरनाला क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई स्नैचिंग और लूट की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें टापा में एक महाजन से मोबाइल छीनने की कोशिश, बरनाला में एक शिक्षक से लूट का प्रयास और हाल ही में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर पर हुए हमले की घटना शामिल है।
पुलिस ने मामले में गिरोह के पांचवें साथी दिनेश बंसल को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि बरनाला के दो आरोपी वारदातों की योजना बनाते थे, जबकि बठिंडा के दो आरोपी घटनाओं को अंजाम देते थे ताकि पहचान से बचा जा सके। दिनेश बंसल ने हथियार खरीदने के लिए आर्थिक सहायता भी की थी।
एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि मामले में और भी खुलासे किए जा सकें।






