क्षेत्रवासियों की संतुष्टि के बाद ही ठेकेदार को किया जाएगा भुगतान – मेयर
नगर निगम पटियाला द्वारा शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेयर स्वयं मैदान में उतर आए हैं। इसी कड़ी में आज नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया ने रणजीत नगरवार्ड नंबर 15 में लगभग 47 लाख 99 हजार रुपये की लागत से किए जा रहे इंटरलॉक टाइल्स कार्य का मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ जगजीत जे.ई., ठेकेदार सिंगला, नगर निगम का तकनीकी स्टाफ तथा क्षेत्र के स्थानीय निवासी भी उपस्थित रहे।
मेयर ने कार्य की प्रगति, उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के पालन को लेकर अधिकारियों और ठेकेदार से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे किसी भी विकास कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के टैक्स के पैसों से किए जा रहे कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए।
मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि नगर निगम द्वारा चल रहे विकास कार्यों की निगरानी अब स्वयं मेयर स्तर पर की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी ठेकेदार द्वारा कार्य की गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्रवासियों द्वारा कार्य को लेकर संतुष्टि व्यक्त किए जाने तथा नगर निगम के तकनीकी स्टाफ द्वारा कार्य की पुष्टि किए जाने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की संतुष्टि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान मेयर ने टाइल्स बिछाने से पहले प्लेटफॉर्म की तैयारी, चार इंची गिट्टी की परत तथा टाइल्स लगाने की प्रक्रिया पर भी संतोष व्यक्त किया।
मौके पर उपस्थित क्षेत्रवासियों ने मेयर का धन्यवाद करते हुए कहा कि लंबे समय से इंटरलॉक टाइल्स कार्य की आवश्यकता थी और अब मेयर द्वारा स्वयं निगरानी किए जाने से उन्हें गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य की पूरी उम्मीद है। मेयर ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि पटियाला शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






