लुधियाना, 3 दिसंबर, 2025: पंजाब के लुधियाना में साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने और नफरत फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान अरशदीप सिंह सैनी के रूप में हुई है।
आरोपी अरशदीप सिंह सैनी अपने ‘एक्स’ (X) हैंडल के जरिए लगातार भड़काऊ पोस्ट कर रहा था। पुलिस को संदेह है कि इसके तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
@the_lama_singh नाम से चला रहा था अकाउंट
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अपने एक्स हैंडल @the_lama_singh पर काफी सक्रिय था।
- अरशदीप 2019 से इस प्लेटफॉर्म पर एक्टिव है और उसके लगभग 13,000 फॉलोअर्स हैं।
- जांच में सामने आया है कि वह जानबूझकर ऐसी सामग्री साझा कर रहा था जो सिख, हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच नफरत पैदा कर सके और उन्हें भड़काए।
ISI और ‘टूलकिट‘ की साजिश का संदेह
प्राथमिक जांच में पुलिस को एक बड़ी साजिश की बू आ रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या अरशदीप की ये भड़काऊ पोस्ट किसी ‘टूलकिट‘ का हिस्सा हैं, जिसे आईएसआई के इशारे पर पंजाब में अशांति फैलाने के लिए तैयार किया गया हो।
उसके फॉलोअर्स की गतिविधियों और प्रोफाइल से भी संकेत मिले हैं कि यह सब किसी पूर्व-नियोजित रणनीति के तहत किया जा रहा था। पुलिस के रडार पर अब ऐसे अन्य ‘कंटेंट क्रिएटर्स’ भी हैं जो लोगों को उकसाने का काम करते हैं।
यूके से लौटा था आरोपी
पुलिस ने इस मामले में 28 नवंबर 2025 को BNS और IT Act की धाराओं के तहत FIR नंबर 64 दर्ज की थी। आरोपी को रोपड़ (Ropar) से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला है कि अरशदीप 2014 में यूके (UK) गया था और कुछ समय पहले ही भारत लौटा है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करेगी ताकि उसके विदेशी संपर्कों का पता लगाया जा सके।






