लुधियाना, 22 जून।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को लुधियाना में प्रख्यात कृषि अर्थशास्त्री और पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. सरदारा सिंह जोहल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कृषि क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, विशेषकर फसल विविधीकरण (क्रॉप डाइवर्सिफिकेशन) पर फोकस किया गया।
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि डॉ. जोहल देश के प्रमुख कृषि अर्थशास्त्रियों में से एक हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. जोहल ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति और कृषि लागत एवं मूल्य आयोग के अध्यक्ष के रूप में देश की कृषि नीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बैठक के दौरान पंजाब की कृषि व्यवस्था, किसानों से जुड़े मुद्दों, फसल विविधीकरण और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर भाजपा पंजाब के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश महासचिव अनिल सरीन भी मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष ने इस मुलाकात को पार्टी की “बौद्धिक संपर्क अभियान” का हिस्सा बताया और डॉ. जोहल को केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित एक पुस्तिका भी भेंट की।
मुलाकात के बाद डॉ. जोहल ने कहा कि बढ़ता कर्ज और सब्सिडी पर अत्यधिक निर्भरता राज्य की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मुफ्त राशन और मुफ्त बिजली जैसी नीतियों पर पुनर्विचार करें तथा औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करें।
उल्लेखनीय है कि नितिन नबीन ने 20 जून को अमृतसर से पंजाब दौरे की शुरुआत की थी, जिसके बाद वे जालंधर और लुधियाना का दौरा कर चुके हैं।






