स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की दी जानकारी
संगरूर, 23 जून 2026 : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा पंजाब राज्य में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 संबंधी जारी निर्देशों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-डिप्टी कमिश्नर, संगरूर पूनमदीप कौर ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सचिवों एवं अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्हें एसआईआर-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न गतिविधियों एवं समय-सारिणी की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि पंजाब राज्य में 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) उपलब्ध करवाएंगे, जिसमें मतदाताओं से संबंधित कुछ विवरण पहले से दर्ज होंगे।
बीएलओ मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहायता भी प्रदान करेंगे। प्रत्येक मतदाता के लिए अपने वर्तमान फोटो के साथ फॉर्म जमा करना अनिवार्य होगा, जबकि फॉर्म के साथ किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
यदि फील्ड विजिट के दौरान किसी मतदाता का घर बंद पाया जाता है तो बीएलओ संबंधित मतदाता के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ एक सूचना पर्ची (जिस पर बीएलओ का विवरण अंकित होगा) छोड़ेंगे तथा घर के बाहर एक स्टिकर लगाएंगे, जिसमें फॉर्म एकत्र करने के लिए किए जाने वाले दौरों का विवरण दर्ज होगा।
बीएलओ एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त करने के लिए प्रत्येक घर का कम से कम तीन बार दौरा करेंगे।
मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन (ड्राफ्ट पब्लिकेशन) 3 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 3 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निपटारा 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा और 1 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी पूनमदीप कौर ने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन में बीएलओ को पूरा सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल ने अभी तक अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त नहीं किए हैं, तो वे निर्धारित बीएलए-2 फॉर्म भरकर संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालय में शीघ्र जमा करवाएं, ताकि एसआईआर के तहत बीएलओ के घर-घर दौरे शुरू होने से पहले प्रत्येक बूथ पर सभी दलों के बीएलए नियुक्त हो सकें।
बैठक में जोगा सिंह (सीपीआईएम), हरमेल सिंह (बहुजन समाज पार्टी), सुरेश बेदी (भारतीय जनता पार्टी), शेर सिंह बल्लेवाल (शिरोमणि अकाली दल), रॉकी बांसल (इंडियन नेशनल कांग्रेस), हरपाल सिंह सोनू (इंडियन नेशनल कांग्रेस), गुरनैब सिंह (शिरोमणि अकाली दल-अमृतसर), हरपाल सिंह (आम आदमी पार्टी) और सोनू सिंह (आम आदमी पार्टी) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा अंकुर महेंद्रू (अतिरिक्त उपायुक्त-ज), सुखचैन सिंह (अतिरिक्त उपायुक्त-विकास), राजवीर सिंह (सहायक आयुक्त-ज), परमजीत कौर (चुनाव तहसीलदार) तथा चुनाव शाखा का स्टाफ भी बैठक में मौजूद रहा।