- मेयर कुंदन गोगिया की अगुवाई में नगर निगम की टीम और ज्ञान ज्योति सोसायटी ने खंडा चौक के आसपास की सफाई
- “शहर हमारा अपना है, इसे सुंदर और स्वच्छ बनाना हर पटियालवी का कर्तव्य है” – मेयर
पटियाला, 17 जून,2026: शाही शहर पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “क्लीन पटियाला, ग्रीन पटियाला” अभियान के तहत आज ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी (रजि.) ने नगर निगम के सहयोग से ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब के बाहरी क्षेत्र, मुख्य सड़क तथा खंडा चौक में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया और सोसायटी के अध्यक्ष उपकार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा की पूरी टीम ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान मेयर कुंदन गोगिया ने शहरवासियों को जागरूक करते हुए कहा कि पटियाला हमारा अपना शहर है और इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने शहर की ऐतिहासिक पहचान और हरित वातावरण को बनाए रखने के लिए सभी लोगों से “हर व्यक्ति लगाए दो पौधे” मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। सोसायटी के अध्यक्ष उपकार सिंह ने बताया कि 1 जून से शुरू हुआ यह सफाई अभियान लगातार जारी है और इसका मुख्य उद्देश्य पटियाला को कूड़ा एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना है।
इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम के सुपरवाइजर पुरी, जे.ई. बलजिंदर सिंह, लक्की, दीपक कपूर, चरणपाल सिंह, टोनी शहर, विनय सर्वेरा और विक्की सिंह ने स्वयं झाड़ू लगाकर सड़कों के किनारों से कचरा हटाया। इसके अलावा रमेश लहर, सुरिंदरपाल सिंह, तरसेम सिंह, नगिंदर सिंह और जसविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों और सोसायटी सदस्यों ने भाग लेकर इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।






