Wednesday, June 17, 2026
HomePatialaसिविल के अधूरे कार्यों पर मेयर कुंदन गोगिया सख्त; लापरवाह ठेकेदारों को...

सिविल के अधूरे कार्यों पर मेयर कुंदन गोगिया सख्त; लापरवाह ठेकेदारों को डी-बार करने और ईएमडी जब्त करने के निर्देश

लापरवाही के कारण जनता को परेशानी होना बर्दाश्त नहीं, निर्धारित समय में कार्य पूरे करना अनिवार्य” : मेयर

पटियाला, 17 जून,2026 : नगर निगम पटियाला की सीमा के अंतर्गत चल रहे सिविल विकास कार्यों में देरी और ठेकेदारों द्वारा बरती जा रही लापरवाही का गंभीर संज्ञान लेते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने निगरानी इंजीनियर को लिखित रूप में कड़े निर्देश जारी किए हैं। पार्षदों द्वारा मेयर के ध्यान में लाया गया कि अप्रैल 2022 से सिविल कार्यों के लिए जारी किए गए कई वर्क ऑर्डरों के बावजूद अनेक विकास कार्य या तो अब तक शुरू ही नहीं किए गए हैं या फिर बीच में अधूरे छोड़ दिए गए हैं। इसका सीधा असर शहर की आम जनता पर पड़ रहा है, जिन्हें विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

मेयर कुंदन गोगिया ने निर्देश दिए हैं कि जिन ठेकेदारों ने निर्धारित समय के भीतर कार्य शुरू नहीं किए हैं या कार्यों को पूरा नहीं किया है, उन्हें तत्काल प्रभाव से डी-बार किया जाए तथा उनकी जमा राशि (ईएमडी) जब्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निगम में केवल ईमानदारी तथा समयबद्ध तरीके से काम करने वाली फर्मों को ही प्राथमिकता दी जाएगी।

इस प्रशासनिक कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए मेयर ने निगरानी इंजीनियर (सिविल) को निर्देश दिए हैं कि अप्रैल 2022 से अब तक जारी सभी वर्क ऑर्डरों, संबंधित फर्मों के नाम, जारी होने की तिथि, कार्य की समय-सीमा, देरी के कारणों तथा परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द मेयर कार्यालय को सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट के आधार पर डिफॉल्टर ठेकेदारों के खिलाफ आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

फोटो कैप्शन: लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई संबंधी अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए मेयर कुंदन गोगिया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments