लुधियाना, 17 जून 2026: लुधियाना में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा डिप्टी कमिश्नर (डीसी) कार्यालय, नगर निगम कार्यालयों और रेलवे लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी मिलने के बाद डीसी कार्यालय, नगर निगम कार्यालय और रेलवे लाइन की गहन जांच शुरू कर दी गई। हालांकि दोपहर करीब डेढ़ बजे तक डीसी कार्यालय और नगर निगम कार्यालयों में छुट्टी हो चुकी थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी अभियान चलाया।
धमकी में रेलवे लाइन को उड़ाने के साथ-साथ दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन में यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे पुलिस, जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रेलवे ट्रैक और संबंधित क्षेत्रों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।






