संगरूर, 16 जून, 2026 : ब्लॉक समिति सुनाम-2, जिला संगरूर के सर्वसम्मति से चुने गए चेयरपर्सन नवदीप कौर संघरेड़ी तथा वाइस चेयरपर्सन दविंदर सिंह ने आज कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा की उपस्थिति में बीडीपीओ कार्यालय, संगरूर में अपने पदों का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्लॉक समिति सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने नवनिर्वाचित चेयरपर्सन एवं वाइस चेयरपर्सन को बधाई देते हुए कहा कि ब्लॉक समिति ग्रामीण विकास की एक महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, विकास कार्यों को गति देने तथा लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देने में ब्लॉक समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने बताया कि सुनाम-2 ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले 31 गांवों में अब विकास कार्यों की गति और तेज होगी तथा जनकल्याण से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है और गांवों में सड़कों, गलियों-नालियों, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और विकास योजनाओं को पारदर्शी तरीके से लागू करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित चेयरपर्सन नवदीप कौर संघरेड़ी तथा वाइस चेयरपर्सन दविंदर सिंह ने कहा कि वे ब्लॉक के प्रत्येक गांव के विकास को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे तथा लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए सभी सदस्यों और लोगों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा, ताकि ब्लॉक सुनाम-2 को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सके।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास को लेकर उनसे अपेक्षाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर बीडीपीओ संगरूर गुरदर्शन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।






