चंडीगढ़, 07 जून 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का रोजगार मिशन लगातार जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को चंडीगढ़ स्थित म्यूनिसिपल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार के अलग-अलग विभागों में चयनित उम्मीदवारों को इस समारोह में सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। राज्य सरकार का दावा है कि युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
पंजाब सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में अब तक 65 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार का कहना है कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी दिशा में भर्ती प्रक्रियाएं लगातार जारी हैं।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बड़ी संख्या में चयनित उम्मीदवारों तथा उनके परिजनों के शामिल होने की संभावना है। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के रोजगार सृजन अभियान का एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






