बी.एल.ओ. एवं अन्य कर्मचारी मैपिंग बढ़ाएं और त्रुटियां कम करें : डॉ. हिमांशु अग्रवाल
कहा, मतदाता सूचियों के सुधार का कार्य अतिरिक्त ड्यूटी नहीं बल्कि नियमित ड्यूटी का ही हिस्सा
पटियाला, 6 जून,2026 : पटियाला के डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से पूर्व वर्तमान मतदाता सूचियों की वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों के साथ की जा रही मैपिंग की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 84 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है तथा शेष मैपिंग को शीघ्र पूरा करने के लिए जिले के सभी बूथों पर 7 जून, रविवार को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
एडीसी अनुप्रीता जौहल, नवरीत कौर सेखों, सभी एसडीएम-कम-ईआरओ, चुनाव तहसीलदार, सुपरवाइजरों तथा बीएलओ के साथ बैठक करते हुए जिला चुनाव अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को अतिरिक्त ड्यूटी न समझा जाए, क्योंकि मतदाता सूचियों का सुधार भी सरकारी कर्मचारियों की नियमित जिम्मेदारियों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह कार्य भले ही चुनौतीपूर्ण है, लेकिन असंभव नहीं है। इसलिए मैपिंग कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए इसमें मौजूद त्रुटियों (एनॉमलीज़) को दूर किया जाए और मैपिंग का प्रतिशत बढ़ाया जाए।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के इस कार्य को पूरी गंभीरता से लिया जाए तथा सभी प्रोफार्मा सावधानीपूर्वक भरे जाएं, क्योंकि वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन आयोग द्वारा किसी भी प्रकार की त्रुटि का गंभीर संज्ञान लिया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले के सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 15,20,190 मतदाताओं में से 12,68,487 मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों के साथ मैपिंग की जा चुकी है तथा शेष कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिले के सभी मतदाताओं और सभी राजनीतिक दलों से भी अपील की कि यदि किसी मतदाता अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य के वोट का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ किसी कारणवश मिलान नहीं हो पाया है या नहीं किया गया है, तो वे 7 जून (रविवार) को प्रत्येक बूथ पर बीएलओ द्वारा लगाए जा रहे विशेष शिविर में पहुंचकर अपने वोट का मिलान करवाना सुनिश्चित करें।
फोटो कैप्शन: पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल एस.आई.आर. प्रक्रिया की समीक्षा हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए।






