विद्यार्थियों को सदा ऐसे काम करने चाहिएं, जिनसे देश का नाम रौशन हो: अनिल भारती
पटियाला, 19 मई, 2026 : श्री राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटियाला में चरित्र निर्माण अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अंतरराष्ट्रीय लेखक और शिक्षाशास्त्री अनिल कुमार भारती ने विद्यार्थियों को उच्च चरित्र के निर्माण और विद्यार्थी जीवन में सफलता के सूत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्कूल के प्रिंसीपल श्री प्रदीप कुमार बांसल ने शिक्षा शास्त्री अनिल कुमार भारती का विद्यार्थियों से परिचय करवाते हुए कहा कि उन्हें यह बताते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि इसी महान विद्यालय में से 1971 से 1982 तक शिक्षा और सुसंस्कार प्राप्त करने के बाद भारती जी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी ,पंजाबी और अंग्रेजी भाषाओं के प्रचार प्रसार के लिए बहुत सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
मॉस्को (रूस) में इसी शुभ कार्य के लिए उन्हें महामना मदन मोहन मालवीय अंतरराष्ट्रीय भाषा गौरव अवॉर्ड भी प्रदान किया गया, जिससे देश के साथ साथ इस विद्यालय का भी नाम रौशन हुआ है। इस मौके पर उपस्थित 200 विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए श्री अनिल कुमार भारती ने कहा कि सभी विद्यार्थियों को अपने जीवन में सदा ऐसे काम करने चाहिएं जिनसे उन के माता पिता गुरुजनों के साथ साथ देश का नाम भी रौशन हो। उन्हें कभी भी ऐसा कोई भी कार्य नहीं करना चाहिए, जिस से इन में से किसी की भी कोई बदनामी हो। विद्यार्थियों को हर प्रकार के नशों से दूर रहने की प्रेरणा तो दी ही गई, साथ ही साथ उनको परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के सूत्र भी बताए गए।
शिक्षाशास्त्री के तौर पर अपने अनुभवों को सांझा करते हुए श्री भारती ने कहा कि सभी विद्यार्थियों को अपने माता- पिता और गुरुजनों की सलाह और मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और सदैव उसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर और गंभीर प्रयास करने चाहिएं। इस अवसर पर जीवन में सफलता प्राप्त करने के अन्य बताते हुए विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि सभी विद्यार्थियों को समय बद्ध रूप से पढ़ाई, खेलों, मोबाइल और इंटरनेट का सदुपयोग करना चाहिए। मोबाइल और इंटरनेट का प्रयोग केवल अपना ज्ञान बढ़ाने के लिए ही करना चाहिए। इन दोनों सुविधाओं का असीमित प्रयोग कई बार कुछ ऐसी गंभीर समस्याओं को जन्म दे देता है, जिनसे छुटकारा पाना भी बहुत मुश्किल हो जाता है।
इसी के साथ साथ पढ़ाई करते हुए अन्यों से प्रतिस्पर्धा करने के साथ साथ अपने पूर्ववर्ती प्रदर्शनों से प्रतिस्पर्धा करने के महत्त्व को भी विस्तार पूर्वक समझाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबुद्ध अध्यापक जनों संजीव कुमार, गीतिका शर्मा, अंजली स्याल, रीतू दीवान, अमरीश शर्मा, मंजू बाला और भावना रोहिल्ला ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से, विद्यार्थियों को अपना मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए अंतरराष्ट्रीय लेखक और शिक्षाशास्त्री अनिल कुमार भारती को धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया और सभी ने उम्मीद जताई कि श्री भारती समय समय पर विद्यालय में आकर विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों पर अपना मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
फोटो: श्री राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटियाला में चरित्र निर्माण अभियान के तहत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए अंतरराष्ट्रीय शिक्षा शास्त्री अनिल कुमार भारती एवं प्रिंसीपल प्रदीप कुमार बांसल
जारीकर्ता:
प्रदीप कुमार बांसल, प्रिंसीपल
श्री राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटियाला।
मोबाइल नंबर: 9463811116
अनिल कुमार भारती अंतरराष्ट्रीय लेखक और शिक्षाशास्त्री
मोबाइल: 7973126853






