डिप्टी कमिश्नर ने खिलाड़ियों को हर संभव सहायता का दिया भरोसा
माता-पिता की मेहनत से खिलाड़ी बनता है सफल – हिमांशु अग्रवाल
पटियाला,29 अप्रैल,2026: जिला प्रशासन द्वारा युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की कड़ी के तहत नाभा निवासी बैडमिंटन खिलाड़ी जगशेर सिंह खंगूड़ा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवालने उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया और उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना की। इस अवसर पर उनके कोच सुरेश कुमार की भी विशेष रूप से प्रशंसा की गई, जिन्होंने पिछले 7 वर्षों से उन्हें प्रशिक्षण देकर इस मुकाम तक पहुंचाया।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जगशेर सिंह खंगूड़ा जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करेगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोच सुरेश कुमार ने बताया कि जगशेर सिंह खंगूड़ा, जो श्री मनप्रीत सिंह (पिता) और रशपाल कौर (माता) के पुत्र हैं, ने बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 अंतरराष्ट्रीय रजत पदक, 8 कांस्य पदक और 11 स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा वह 5 बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर ने खिलाड़ी के माता-पिता को भी बधाई दी और कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।






