पटियाला, बरनाला, 27 अप्रैल, 2026 : पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने आज बरनाला डिपो की वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां डिपो की समग्र कार्यप्रणाली का जायजा लिया, वहीं प्रबंधकीय ब्लॉक की पुरानी इमारत की स्थिति को देखते हुए इसके तुरंत नवीनीकरण के आदेश भी जारी किए।
जांच के दौरान चेयरमैन जुनेजा ने नई बसों के आगमन से शुरू हुए नए रूटों, दैनिक आय, बसों की ईंधन औसत तथा वर्कशॉप में मरम्मत के लिए खड़ी बसों के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की। उन्होंने वर्कशॉप के प्रबंधकीय ब्लॉक में साफ-सफाई और वॉशरूम की खराब स्थिति का गंभीर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को वॉशरूम की मरम्मत करवाने और इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने कहा, “यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और समय पर सेवाएं प्रदान करना हमारी मुख्य प्राथमिकता है।” उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिया कि लोगों से प्राप्त लिखित या मौखिक शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। बसों की मरम्मत और सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और उनकी मांगों व समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पी.आर.टी.सी. के कामकाज में सुधार लाने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।
इस मौके पर जनरल मैनेजर पटियाला जतिंदरपाल ग्रेवाल, जनरल मैनेजर संगरूर मनिंदरपाल सिंह सिद्धू, जनरल मैनेजर बरनाला रमन शर्मा और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।






