संगरूर, 15 अप्रैल, 2026 : किसानों को गेहूं खरीद के दौरान बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एस.डी.एम. संगरूर सतीश चंद्र ने सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाली विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद प्रबंधों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने गांव घाबदां, देहकलां, दुग्गां, बहादुरपुर, बडरुखां, बालियां और भिंडरां स्थित अनाज मंडियों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद खरीद एजेंसियों, आढ़तियों और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
एस.डी.एम. ने मंडियों में आ रही फसल की खरीद प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, भंडारण, बारदाने की उपलब्धता, पीने के पानी, सफाई और छाया जैसी सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि गेहूं की खरीद सुचारू रूप से पूरी की जा सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि मंडियों में सफाई के मानकों को बनाए रखा जाए और किसानों के लिए बैठने, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि और मंडी प्रबंधक भी उपस्थित थे।






