- खाने में मिलावट करने वालों की अब खैर नहीं, हेल्पलाइन नंबर 94644-94180 पर दर्ज करवाएं शिकायत
पटियाला, 11 अप्रैल, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने और मोटे अनाज (मिलेट्स) के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन, पंजाब की ओर से स्थानीय बहावलपुर पैलेस में ‘ईट-राइट मिलेट मेला’ आयोजित किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने अपने कर-कमलों से किया। इस मौके पर पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों को स्वच्छ और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेयर कुंदन गोगिया ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज के दौर में बीमारियों से बचने के लिए मोटे अनाज जैसे बाजरा, ज्वार और कोदो आदि को दैनिक आहार में शामिल करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के ये प्रयास आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ रखने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने पटियाला के लोगों से अपील की कि वे अपनी खुराक में मोटे अनाज को प्राथमिकता दें। साथ ही लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि कहीं भी खाद्य मिलावट की घटना सामने आती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 94644-94180 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
इस अवसर पर कमिश्नर फूड एंड एडमिनिस्ट्रेशन (पंजाब) श्रीमती कंवलप्रीत बराड़ (IAS), एसडीएम गुरदेव सिंह धम्म, जॉइंट कमिश्नर फूड डॉ. अमित जोशी, डीएचओ-कम-नोडल अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एमसी गुरजीत साहनी और समाजसेवी उपकार सिंह ने भी विशेष रूप से भाग लिया।
फोटो: कार्यक्रम के दौरान मेयर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित।
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
मेयर कार्यालय,पटियाला
83609 66060






