डेढ़ साल पहले ही गया था विदेश
दसूहा (होशियारपुर), 3 अप्रैल 2026 : विदेशी धरती से एक बार फिर एक पंजाबी नौजवान की मौत की दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रोजी-रोटी की तलाश में इटली गए होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र के एक युवक की काम के दौरान हुए एक भीषण हादसे में जान चली गई है। मृतक की पहचान दसूहा के पास स्थित गांव जुग्याल निवासी राज कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, राज कुमार इटली में काम कर रहा था, जहां कार्यस्थल पर उसे गंभीर चोटें आईं, जो अंततः जानलेवा साबित हुईं। इस मनहूस खबर के गांव जुग्याल पहुँचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राज कुमार अपने और अपने परिवार के सुनहरे भविष्य के सपने संजोकर करीब 18 महीने (डेढ़ साल) पहले ही इटली गया था। ग्रामीणों ने बताया कि राज कुमार एक अत्यंत मेहनती और मिलनसार युवक था, जिसकी बेवक्ती मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इलाका निवासियों और स्थानीय समाज सेवी संस्थाओं ने सरकार से गुहार लगाई है कि मृतक की देह को पंजाब लाने के लिए पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाए। मांग की गई है कि शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि उसका अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में रीति-रिवाजों के साथ किया जा सके।