बस अड्डों पर वेरका मिल्क बार खुलने से रोजगार के नए अवसर और यात्रियों को मिलेंगे गुणवत्तापूर्ण उत्पाद: हरपाल सिंह जुनेजा
पटियाला, 2 अप्रैल 2026 : वेरका मिल्क प्लांट, पटियाला ने पीआरटीसी के अधीन आने वाले बस स्टैंडों और वर्कशॉप में मिल्क बार स्थापित करने के लिए पीआरटीसी के साथ एक समझौता किया है। यह समझौता पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल सिंह जुनेजा, प्रबंध निदेशक बिक्रमजीत सिंह शेरगिल तथा वेरका मिल्क प्लांट, पटियाला के जनरल मैनेजर डॉ. अमित गर्ग की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान पीआरटीसी के एएमडी नवदीप कुमार, जनरल मैनेजर जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल और मोहिंदरपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर हरपाल सिंह जुनेजा ने कहा कि इस समझौते से यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खान-पान की वस्तुएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य वेरका के उच्च गुणवत्ता वाले दूध और दुग्ध उत्पादों को पंजाब के उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत पीआरटीसी के विभिन्न बस अड्डों और अन्य स्थानों पर वेरका की मिल्क बार खोली जाएंगी। इससे जहां एक ओर आम लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, वहीं यात्रियों को स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाले दूध एवं दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। चेयरमैन ने कहा कि यह पहल पंजाब सरकार के जनकल्याण और रोजगार बढ़ाने के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
वेरका मिल्क प्लांट, पटियाला के जनरल मैनेजर डॉ. अमित गर्ग ने कहा कि वेरका दूध उत्पादकों और किसानों का अपना संस्थान है, जो उनकी भलाई के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में और मिल्कफेड पंजाब के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता के मार्गदर्शन में वेरका पूरे पंजाब में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पादों के विपणन के लिए विभिन्न सरकारी संस्थानों के साथ तालमेल कर मिल्क बार स्थापित कर रहा है।






