पटियाला, 29 मार्च 2026 : पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में ‘12वां पांच दिवसीय पंजाबी यूनिवर्सिटी पुस्तक मेला और साहित्य उत्सव–2026’ 30 मार्च से शुरू हो रहा है। यह जानकारी पंजाबी विभाग की प्रमुख डॉ. राजवंत कौर पंजाबी ने दी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन के पीछे स्थित मैदान में इस भव्य आयोजन की शुरुआत 30 मार्च 2026 को सुबह श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई कमलजीत सिंह द्वारा गुरबाणी कीर्तन से होगी।
इस साहित्य उत्सव का उद्घाटन समारोह सुबह 11:30 बजे शमा रोशन कर किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. जगदीप सिंह करेंगे। इस मौके पर प्रसिद्ध लेखक और अनुवादक जंग बहादुर गोयल मुख्य वक्ता होंगे, जबकि साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता प्रो. वरियाम सिंह संधू मुख्य अतिथि और डॉ. रघबीर सिंह सिरजना विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस दौरान सरदार पंछी, ओम प्रकाश गासो, कृपाल सिंह पन्नू, काना सिंह और डॉ. कमलेश उप्पल को सम्मानित किया जाएगा। दोपहर 2 बजे कवि दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता पंजाबी साहित्य अकादमी, लुधियाना के पूर्व अध्यक्ष प्रो. गुरभजन सिंह गिल करेंगे और मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. लखविंदर सिंह जौहल शामिल होंगे।
कवि दरबार में गुरदयाल रोशन, दर्शन बुट्टर, गुरचरण कौर कोचर, त्रैलोचन लोची, पाल गुरदासपुरी, मनजिंदर धनोआ, भुपिंदर कौर प्रीत, मोहन त्यागी, सिमरत सुमैरा और गुरसेवक लंबी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मंच संचालन डॉ. राजवंत कौर पंजाबी करेंगी।
दोपहर 3:30 बजे दूसरी बैठक में प्रसिद्ध कथाकार डॉ. बलविंदर कौर बराड़ के साथ डॉ. चरणजीत कौर संवाद करेंगी।
सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता युवक भलाई विभाग के निदेशक डॉ. भीम इंदर सिंह करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार होंगे। इस कार्यक्रम में गीत, लोकगीत, मिमिक्री, कली गायन और भंड जैसी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
गौरतलब है कि इस पुस्तक मेले और साहित्य उत्सव में बड़ी संख्या में प्रकाशक और पुस्तक विक्रेता भाग ले रहे हैं, वहीं पुस्तक और साहित्य प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।





