चंडीगढ़, 12 मार्च 2026: तेंदुआ के दिखाई देने की खबर से चंडीगढ़ के सेक्टर-29 इलाके में दहशत का माहौल बन गया। खबर फैलते ही पूरे इलाके में डर का माहौल हो गया और कई लोग रात भर सो नहीं सके।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें बुधवार रात मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने पूरे इलाके में देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन तेंदुए का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
हालांकि, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तेंदुए को एक दरगाह के पास पानी पीते हुए देखा गया है। इससे इलाके में लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय निवासी एक महिला ने बताया कि रात करीब 7 से 8 बजे के बीच उसने सेक्टर-29 के एक पार्क में झाड़ियों के पास तेंदुए को घूमते हुए देखा। उस समय वह अपने बच्चों के साथ पार्क में टहल रही थी। तेंदुए को देखते ही वह घबरा गई और तुरंत बच्चों के साथ पार्क से बाहर निकल गई।
महिला के पति ने तुरंत पास स्थित पीर दरगाह के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद यह खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। फिलहाल पुलिस और वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की अपील कर रहे हैं।






