गुरदासपुर, 1 मार्च 2026: गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक रोड पर गांव गजनिपुर के बाहर एक तेज रफ्तार कार ने लंगर सेवा कर घर लौट रही महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक महिला की पहचान 52 वर्षीय बलविंदर कौर निवासी गांव गजनिपुर के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों सतवंत सिंह, बलविंदर सिंह और गुरकीरत सिंह के अनुसार, बलविंदर कौर 3 मार्च को गुरदासपुर से गुजरने वाले चोला साहिब संगत के स्वागत में लगाए जाने वाले लंगर में सेवा कर अपने गांव लौट रही थीं।
इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलविंदर कौर करीब 10 फीट तक हवा में उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरीं। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, लेकिन टक्कर के दौरान कार की अगली नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गई।
परिवार की शिकायत के बाद जोड़ाछत्तरां चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौके से मिली नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाही से वाहन चलाने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।






