टोक्यो, 25 फरवरी 2026: योगी आदित्यनाथ अपने दो देशों के दौरे के दूसरे चरण में सिंगापुर से जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे। टोक्यो एयरपोर्ट पर भारत की राजदूत नगमा एम. मलिक और लेफ्टिनेंट गवर्नर जुनिची इशीदरा ने उनका स्वागत किया। यह उनकी जापान की पहली आधिकारिक यात्रा है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संदेश देते हुए जापान को नमन किया और दोनों देशों के मजबूत रणनीतिक व सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया।
इससे पहले सिंगापुर में आयोजित ‘बिजनेस लीडर्स डायलॉग’ कार्यक्रम में उन्होंने निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सिंगापुर से 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि 60 करोड़ रुपये के समझौतों को अंतिम रूप दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।






