गोइंदवाल साहिब (तरनतारन), 20 फरवरी 2026: कस्बा गोइंदवाल साहिब स्थित बाबा फरीद नर्सिंग कॉलेज में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां छात्रा खुशप्रीत कौर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि खुशप्रीत कौर अक्सर कॉलेज के शिक्षकों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की शिकायत करती थी। उनका कहना है कि पढ़ाई में छोटी-छोटी गलतियों पर उसे अपमानजनक शब्द कहे जाते थे।
बताया जा रहा है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर कुछ शिक्षकों और छात्राओं के नाम लिखे गए हैं, जो उसे परेशान करते थे। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल चरणजीत कौर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि कॉलेज की ओर से किसी भी छात्र को परेशान नहीं किया जाता और छात्रा पहले से ही मानसिक रूप से परेशान थी। उन्होंने इस घटना में कॉलेज की किसी भी भूमिका से इनकार किया है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






