मोहाली, 19 फरवरी 2026: फेस-11 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास 14-15 फरवरी की रात हुए युवक गुरसेव सिंह के हत्या मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक गुरसेव सिंह ने कुछ युवकों को मंदिर के पास मोटरसाइकिल रेस लगाने से रोका था, जिसके बाद आरोपियों में से एक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरसेव सिंह की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
पुलिस ने थाना फेस-11 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिगों को होशियारपुर के ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 20 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में कुल 18 आरोपी नामजद हैं, जिनमें से 12 की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।






