सेसना-206 द्वारा फूलों की वर्षा, विमान मॉडलों और रिमोट कंट्रोल कारों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
राज्य की समृद्ध विरासत को संजो रही है पंजाब सरकार – चेतन सिंह जौड़ामाजरा
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जौड़ामाजरा सहित सीए पीडीए, एडीसी, संयुक्त आयुक्त, बड़ी संख्या में पटियालावासियों और विद्यार्थियों की भागीदारी
पटियाला, 14 फरवरी 2026: पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल-2026 के अंतर्गत संगूर रोड स्थित सिविल एविएशन क्लब में विभिन्न विमान मॉडलों द्वारा प्रस्तुत शानदार करतबों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मॉडल विमानों के संचालकों ने लूप, रोल, स्पिन, लो पास, विंग ओवर, नाइफ एज सहित कई रोमांचक करतब दिखाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान सेसना-206 की विशेष उड़ान और रिमोट कंट्रोल कारों के करतब भी खास आकर्षण का केंद्र रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने जिला प्रशासन को पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार राज्य की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
एयरो मॉडलिंग की नोडल अधिकारी एवं एडीसी (ज) सिमरप्रीत कौर ने डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह की सफलता के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने पटियाला एविएशन क्लब के चीफ फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर कैप्टन हरप्रीत सिंह, पटियाला एयरो मॉडलिंग एसोसिएशन, फेयरविंड एविएशन लुधियाना तथा पंजाब आर.सी. हॉबीज लुधियाना के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
एयरो मॉडलिंग शो के दौरान फेयरविंड एविएशन लुधियाना के कैप्टन एस.एस. हारा ने सेसना-206 विमान से कागजी फूलों की वर्षा की। वहीं एयरो मॉडलिंग क्लब पटियाला के अध्यक्ष शिवराज सिंह डिंपी घुम्मण ने पाइपर कब मॉडल से लूप, रोल और विंग ओवर जैसे करतब प्रस्तुत किए। उनके पोते एवं वाईपीएस के छात्र मनकरण सिंह ने टुंड्रा कब मॉडल उड़ाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
लुधियाना, चंडीगढ़ और करनाल से आए प्रतिभागियों ने ड्रोन, ग्लाइडर, हेलीकॉप्टर तथा अन्य विमान मॉडलों के आकर्षक प्रदर्शन किए। शो के दौरान रिमोट कंट्रोल कारों और मोटरसाइकिल मॉडलों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में पटियालावासियों ने विमान मॉडलों के करतबों का आनंद लिया।
फोटो कैप्शन: विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और एडीसी सिमरप्रीत कौर पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल के दौरान एविएशन क्लब में आयोजित एयरो मॉडलिंग शो में भाग लेते हुए।






