पटियाला, 22 जून
शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी द्वारा जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय, जिला सांझ केंद्र पटियाला पुलिस तथा सिविल सर्जन कार्यालय के सहयोग से नेहरू पार्क पटियाला में विशाल योग कार्यक्रम एवं ग्रीन पटियाला-क्लीन पटियाला अभियान के तहत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ रही, जिसने मानव और प्रकृति के बीच संतुलित संबंध का संदेश दिया।

सुबह 6 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी वरिंदर सिंह टिवाणा तथा जिला सांझ केंद्र पटियाला पुलिस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह बाजवा ने किया। ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष उपकार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि संस्था द्वारा यह 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह आयोजित किया गया है।

मेयर कुंदन गोगिया की अगुवाई में प्रतिभागियों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, भुजंगासन, सर्वांगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान का अभ्यास किया। लगभग 45 मिनट तक चले इस सामूहिक योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अपने संबोधन में मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पार्कों की देखभाल करने वाली संस्थाओं को सम्मानित करने की पहल को भी सराहनीय बताया।

जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी वरिंदर सिंह टिवाणा ने कहा कि जिला प्रशासन योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर तक योग कक्षाएं आयोजित कर रहा है। वहीं सिविल सर्जन कार्यालय से डॉ. सुमित सिंह ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मोटापे जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान योग के लाभों संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा निःशुल्क योग कक्षाओं के लिए पंजीकरण भी किया गया। स्कूली बच्चों ने ‘योग करो, स्वस्थ रहो’ और ‘स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी दौलत है’ जैसे संदेशों के साथ आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष उपकार सिंह, स्टेट अवार्डी परमिंदर भलवान और गवर्नर अवार्डी जतविंदर ग्रेवाल ने बताया कि आगामी एक माह तक शहर के विभिन्न पार्कों, स्कूलों और सामुदायिक केंद्रों में निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर ग्रीन पटियाला-क्लीन पटियाला अभियान के तहत शहर के पार्कों की बेहतर देखभाल करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। हाउसिंग बोर्ड वेलफेयर एसोसिएशन अर्बन एस्टेट को प्रथम, ‘मेरा पटियाला मैं संवारां’ को द्वितीय तथा राम स्वरूप गोयल स्मृति पार्क भारत विकास परिषद को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।






