Sunday, June 21, 2026
HomePunjabकैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर गोयल ने करोड़ों रुपये की लागत से बनने...

कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर गोयल ने करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के रखे नींव पत्थर

हलके के लोगों का मिल रहा प्यार और सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत: मंत्री गोयल

लहरागागा, 21 जून 2026 : मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लहरा हलके के गांवों और शहरों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। यह बात कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर गोयल ने हलके के गांव रायधरणा में करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के नींव पत्थर रखने के बाद संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर गांव निवासियों ने मंत्री गोयल का जोरदार स्वागत भी किया।

मंत्री गोयल ने कहा कि गांव रायधरणा के लोगों की मुख्य मांग को पूरा करते हुए रायधरणा से शेरगढ़ वाया कलर भैणी (5.75 किलोमीटर, लागत 274.71 लाख रुपये) और रायधरणा ढंडियाल रोड से सती माता मंदिर (0.80 किलोमीटर, लागत 38.22 लाख रुपये) तक बनने वाली सड़कों के नींव पत्थर रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इन सड़कों को तय समय में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हलके में चल रहे विकास कार्यों के तहत जहां विभिन्न गांवों में खेल स्टेडियम और जिम स्थापित किए जा रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए जा रहे हैं, जिससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो रहा है। लहरागागा में करोड़ों रुपये की लागत से लड़कियों के स्कूल की चार मंजिला नई इमारत बनाई जा रही है तथा तहसील परिसर और बिजली विभाग के आधुनिक कार्यालय बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हलके के हर गांव के खेत तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई गई है। हर वर्ग को 600 यूनिट बिजली माफ करना पंजाब सरकार का ऐतिहासिक निर्णय है। आम आदमी पार्टी ने अपना वादा पूरा करते हुए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में जुलाई महीने से महिलाओं के खाते में 1000 रुपये तथा एससी महिलाओं के खाते में 1500 रुपये प्रति माह देने की शुरुआत करने का ऐलान किया है।

मंत्री गोयल ने कहा कि हलके के लोगों का मिल रहा प्यार और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। विकास कार्य करवाना कोई एहसान नहीं बल्कि उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि पूरा गोयल परिवार 24 घंटे हलके की सेवा में तत्पर है।

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री गोयल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष पंजाब की शांति, खुशहाली और विकास की नहीं बल्कि अपनी राजनीतिक अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। अकाली दल को चुनावों के समय ही पंथ की याद आती है। पंजाब के समझदार मतदाता विकास, खुशहाली और शांति की राजनीति को पसंद करते हैं, न कि धर्म और जाति की राजनीति को। इसलिए 2027 के विधानसभा चुनावों में अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों का सूपड़ा साफ होना तय है।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अलावा ओएसडी राकेश केश कुमार गुप्ता (विक्की), ट्रेड विंग चेयरमैन प्रिंस गर्ग, मार्केट कमेटी चेयरमैन शिशपाल आनंद, युवा नेता अजय कुमार ठोली, नैब सिंह रायधरणा, हरदीप सिंह कलेर, डॉ. सुखदर्शन शर्मा (ब्लॉक समिति सदस्य), अजयब सिंह, मदन सिंह, राजू सिंह (पूर्व सरपंच रायधरणा) सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments