लाहौरी गेट से हनुमान मंदिर तक नाले की सफाई मुहिम तेज
पटियाला, 12 जून,2026 : शहर को बरसात के मौसम के दौरान जल निकासी की समस्या और गंदगी से बचाने के लिए नगर निगम द्वारा नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत पूजा स्वीट लाहौरी गेट से लेकर हनुमान मंदिर तक जाने वाले मुख्य नाले की विशेष सफाई मुहिम मेयर कुंदन गोगिया के नेतृत्व में शुरू कर दी गई है।
मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा पहले से ही योजनाबद्ध तरीके से सफाई कार्य शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के किसी भी हिस्से में सफाई की कमी न रहे और बरसाती पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके, इसके लिए 35 से अधिक कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात की गई है। यह टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में नालों, सीवरेज लाइनों और जल निकासी मार्गों की सफाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष मानसून के आगमन से पहले इस प्रकार के नालों की तीन से चार बार सफाई करवाई जाती है ताकि बारिश के दिनों में नालों के जाम होने, पानी भरने या किसी अन्य प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। समय रहते की जा रही यह कार्रवाई न केवल लोगों को राहत देगी, बल्कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता को भी बनाए रखने में सहायक होगी।
सफाई अभियान के दौरान कर्मचारियों द्वारा नाले में जमा गाद, प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा तथा अन्य अवरोधों को हटाया गया, जिससे पानी की निकासी और अधिक सुचारु हो सकेगी। नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि वे कूड़ा-कचरा नालों में न डालें और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया के अलावा इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह, सफाई दरोगा सुरेंद्र कुमार तथा अन्य नगर निगम कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि बरसात से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों और ड्रेनों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
फोटो कैप्शन: सफाई मुहिम के दौरान जानकारी देते हुए मेयर कुंदन गोगिया तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी।
द्वारा जारी
राजिंदर मोहन (सचिव)






