संगरूर, 11 अप्रैल 2026: संगरूर के एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशों के खिलाफ युद्ध” और “गांवों के पहरेदार” अभियान के तहत 1 अप्रैल 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान नशा तस्करी से जुड़े 42 मामले दर्ज कर 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 334 ग्राम हेरोइन, 5 किलो भुक्की चूरा पोस्त, 4 किलो 500 ग्राम सुल्फा/गांजा, 15 नशीले इंजेक्शन और 670 नशीली गोलियां बरामद की हैं।
शराब तस्करों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 11 मामले दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 97.500 लीटर देसी शराब, 9.750 लीटर अवैध शराब, 18 लीटर अंग्रेजी शराब और 457 लीटर लाहन बरामद की गई।
इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत 1 मामला दर्ज कर 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक देसी पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जुआ एक्ट के तहत 1 मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 17,500 रुपये बरामद किए गए। इस अवधि के दौरान 10 भगोड़ों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया।
थाना धर्मगढ़ और सिटी सुनाम क्षेत्र में लूट, चोरी और झगड़े जैसी घटनाओं में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 सिलेंडर, 1 मोटरसाइकिल, 2 तलवारें और 500 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशा विरोधी अभियान में सहयोग करें। नशे के दुष्प्रभावों के बारे में पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान विभिन्न गजटेड अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 38 गांवों और शहरों में जनसभाएं कर युवाओं को नशों के नुकसान के बारे में जागरूक किया गया और लोगों को नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि इस समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके।
पुलिस द्वारा नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और नशे पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। नशों के खिलाफ यह लड़ाई लगातार जारी है।





