- कूड़ा उठाने वाले जेसीबी चालकों और स्टाफ से मौके पर ली काम की रिपोर्ट
- शहरवासियों के लिए 24 घंटे उपलब्ध: मेयर
पटियाला, 22 मार्च, 2026 : शाही शहर पटियाला को सफाई के मामले में पंजाब का नंबर एक शहर बनाने के उद्देश्य से मेयर कुंदन गोगिया पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। आज रविवार की छुट्टी होने के बावजूद मेयर “ऑन ड्यूटी” दिखाई दिए और उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में कूड़े के निपटारे के कार्यों का स्वयं निरीक्षण किया। मेयर ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए नगर निगम दिन-रात काम कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान मेयर कुंदन गोगिया ने मुख्य कचरा डंप और अन्य सफाई स्थलों पर तैनात जेसीबी चालकों और सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों से अब तक उठाए गए कूड़े और शेष कार्य की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। मेयर ने निर्देश दिए कि कूड़े के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय के भीतर शहर के डंप साफ किए जाएं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुई एफ एंड सीसी बैठक में शहर की सफाई मुहिम के लिए सीवरेज और सड़कों पर विशेष जोर देते हुए 3.5 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई थी। मेयर ने बताया कि जेसीबी और अन्य मशीनरी के उपयोग से कूड़े के प्रबंधन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी नगर निगम द्वारा डिजिटल तरीके से की जा रही है, ताकि काम में पारदर्शिता बनी रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने कहा,“पटियाला मेरा परिवार है और अपने शहर की सफाई के लिए मेरे लिए कोई छुट्टी नहीं है। हम 24 घंटे लोगों की सेवा में उपस्थित हैं।” उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नगर निगम की इस मुहिम में सहयोग करें। इस मौके पर नगर निगम के सैनिटेशन विभाग के अधिकारी और अन्य स्टाफ भी मौजूद थे।
फोटो: कूड़े के डंप पर चल रहे कार्य का निरीक्षण करते हुए मेयर और अन्य अधिकारी।
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
महापौर कार्यालय पटियाला
83609 66060






