फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर रचा इतिहास
अहमदाबाद, 09 मार्च 2026: ICC Men’s T20 World Cup 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया।
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बना डाले। यह टी-20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
भारत के ओपनर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले छह ओवरों में 92 रन जोड़ दिए। दोनों की जोड़ी टी-20 विश्व कप फाइनल में 50 से ज्यादा रन की साझेदारी करने वाली पहली ओपनिंग जोड़ी बन गई। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से टूर्नामेंट की सबसे तेज अर्धशतकीय पारी खेली।
इसके बाद सैमसन ने इशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन की साझेदारी की। सैमसन ने 45 गेंदों पर 5 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए, जबकि किशन ने 25 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की बदौलत 54 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए तीन चौके और दो छक्कों के साथ अंतिम ओवर में 24 रन बनाए और भारत का स्कोर 255 तक पहुंचाया।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। फिन एलन, रचिन रवीन्द्र और ग्लेन फिलिप्स जल्दी पवेलियन लौट गए। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा।
जसप्रित बुमरा और अक्षर पटेल की शानदार गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की टीम संभल नहीं सकी। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला 96 रन से जीतकर टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।






