स्टॉलों पर 6.60 करोड़ रुपये की बिक्री
समापन समारोह में आर नेट और योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से महिला सशक्तिकरण को मिला बढ़ावा
पटियाला, 3 मार्च 2026: पटियाला के ऐतिहासिक शीश महल, पटियाला में 21 फरवरी से चल रहा ‘पंजाब सखी शक्ति क्राफ्ट मेला’ बीती रात यादगार पलों के साथ संपन्न हो गया।
समापन समारोह में आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू, नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट नाभा के चेयरमैन जस्सी सोहियांवाला, सिमरत कौर कोहली और एसडीएम नमन मार्कन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर पंजाबी गायक आर नेट को सम्मानित किया गया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, पंजाब उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग पंजाब तथा उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के सहयोग से आयोजित इस मेले ने देश-विदेश के दस्तकारों और स्वयं सहायता समूहों को अपनी हस्तनिर्मित वस्तुएं बेचने का बड़ा मंच प्रदान किया।
मेले में फुलकारी, चिकन सूट, लोहे, बांस और लकड़ी का फर्नीचर, मिट्टी के बर्तन, अचार, मुरब्बे और विभिन्न खाद्य पदार्थों सहित अनेक उत्पादों की खूब खरीद-फरोख्त हुई। 
बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से इस बार महिला सशक्तिकरण और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया गया। उन्होंने जिला प्रशासन की टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
एडीसी दमनजीत सिंह मान ने बताया कि मेले में लगभग 4 लाख लोगों ने भाग लिया और कुल 6.60 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जिससे दस्तकारों और स्टॉल धारकों में खुशी की लहर है। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों में सर्वाधिक बिक्री करने वाले समूहों को सम्मानित किया गया। 
स्वयं सहायता समूहों में प्रथम स्थान पर पटियाला किंग आजीविका समूह की हरप्रीत कौर रहीं, जबकि दस्तकारों में सज्जाद अहमद भट्ट ने कश्मीरी सूटों की 16.85 लाख रुपये की बिक्री कर पहला स्थान प्राप्त किया। 
समापन अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वयंसेवकों, आईटीआई के विद्यार्थियों और पावर हाउस यूथ क्लब के सदस्यों के योगदान की सराहना की गई। आयोजकों ने पटियाला वासियों और बाहर से आए पर्यटकों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






