लंदन, 02 मार्च 2026: अपने स्टेज नाम मंजी म्यूजिक से मशहूर गायक मनजीत सिंह राल लंदन में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण उन्हें अपनी भारत यात्रा रद्द करनी पड़ी है।
मनजीत सिंह राल को मुंबई में होने वाले Zee Cine Awards 2026 में एक बड़ी प्रस्तुति देनी थी, लेकिन चोट लगने के कारण अब वे इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन सकेंगे। हालांकि उनकी चोटें कितनी गंभीर हैं, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मनजीत सिंह राल मशहूर ब्रिटिश-इंडियन बैंड RDB (रिदम, ढोल, बेस) के पूर्व मुख्य गायक रह चुके हैं। उन्होंने 2000 के दशक की शुरुआत में अपने भाइयों कुलदीप राल और सुरजीत सिंह के साथ मिलकर इस बैंड की स्थापना की थी। उनके संगीत सफर की शुरुआत स्थानीय गुरुद्वारों में प्रस्तुति देने से हुई और बाद में उन्होंने बॉलीवुड व अंतरराष्ट्रीय संगीत के मेल से प्रवासी संगीत को नई पहचान दिलाई।






