परिवार ने अस्पताल लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार
जालंधर, 01 मार्च 2026: जालंधर निवासी और एशिया के इकलौते शाकाहारी बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मण की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। परिवार के सदस्य रब्बी ने बताया कि उनके भाई की मौत की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें मौत का कारण अस्पताल की लापरवाही बताया गया है।
रब्बी ने कहा कि परिवार को भरोसा था कि डॉक्टरों का पैनल उन्हें न्याय देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दिन अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल पर लगाए गए सभी आरोप अब सही साबित हुए हैं। परिवार ने कहा कि SIT रिपोर्ट के आधार पर वे जल्द ही फोर्टिस अमृतसर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
गौरतलब है कि पंजाब के प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मण की 9 अक्टूबर 2025 को अमृतसर में सर्जरी के दौरान मौत हो गई थी। परिवार ने उस समय भी अस्पताल पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे और शव की स्थिति को लेकर सवाल उठाए थे। परिजनों के अनुसार, वरिंदर का शरीर सिर से कंधे तक काला और नीला पड़ गया था।
सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर सिविल अस्पताल के डॉक्टरों और एसएमओ की टीम को शामिल करते हुए SIT का गठन किया था, जिसने फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों से पूछताछ की। मेडिकल पहलुओं की जांच के बाद पैनल ने अपनी रिपोर्ट सरकार और स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी है।
परिवार का दावा है कि रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती है कि वरिंदर घुम्मण की मौत मेडिकल लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने कहा कि सर्जरी से पहले वरिंदर पूरी तरह स्वस्थ थे और केवल अपनी बांह का इलाज करवाने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
साथ ही, स्टेरॉयड के इस्तेमाल को लेकर उठ रहे सवालों पर भी परिवार ने कहा कि SIT रिपोर्ट ने सभी विरोधियों को जवाब दे दिया है। परिवार जल्द ही पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। लाखों प्रशंसकों के लिए यह रिपोर्ट न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। हालांकि, परिवार ने इसे अपने स्टार और बड़े भाई के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।






