चंडीगढ़, 1 मार्च 2026: भगवंत मान सरकार ने पारंपरिक शिक्षा मॉडल से हटकर युवाओं को नौकरी खोजने वालों की बजाय रोजगार सृजक बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसी कड़ी में महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान (MGSIPA) में सरकारी आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों से चयनित 40 छात्रों के लिए दो दिवसीय रेजिडेंशियल स्टूडेंट एंटरप्रेन्योरशिप बूटकैंप आयोजित किया गया।
राज्य सरकार द्वारा 322 आईटीआई और 91 पॉलिटेक्निक संस्थानों में एंटरप्रेन्योरशिप माइंडसेट/बिजनेस पाठ्यक्रम लागू किया गया है, जिसके तहत 36,139 छात्र अब पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यवसायिक विचारों पर भी काम कर रहे हैं। इनमें से कई छात्र अपने स्टार्टअप के जरिए ₹5,000 से ₹12,000 प्रति माह तक की आय अर्जित कर रहे हैं।
यह बूटकैंप डिजाइन थिंकिंग, बिजनेस मॉडल, मार्केट एंट्री और फाइनेंशियल प्लानिंग जैसे विषयों पर केंद्रित है, जहां छात्र अपने स्टार्टअप आइडियाज प्रस्तुत कर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। इस पहल का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को सीधे स्वरोजगार और स्थानीय रोजगार सृजन से जोड़ना है।






