फिरोजपुर, 28 फरवरी 2026: रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन अंतर्गत अमृतसर रेलवे स्टेशन पर आज ‘रैपिडो’ ऐप आधारित परिवहन सेवा की शुरुआत की गई।
सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर परमदीप सिंह सैनी के अनुसार, यह सेवा गैर-किराया राजस्व योजना के तहत तीन वर्षों के लिए शुरू की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में एक समर्पित Rapido काउंटर भी स्थापित किया गया है, जहां यात्री ऐप से संबंधित जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि रैपिडो एक भारतीय ऐप आधारित टैक्सी सेवा है, जो ई-रिक्शा, ऑटो, बाइक और कैब बुकिंग की सुविधा प्रदान करती है। यह पहल यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगी।
सैनी ने आगे कहा कि यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए भविष्य में इस सेवा का विस्तार फिरोजपुर डिवीजन के अन्य रेलवे स्टेशनों तक भी किया जाएगा। साथ ही, रैपिडो ऐप को Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) के रेलवन ऐप पर प्रदर्शित करने के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया है, ताकि यात्री ट्रेन टिकट के साथ-साथ टैक्सी सेवा की बुकिंग भी एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से कर सकें।






