पट्टी, 26 फरवरी 2026: पट्टी में नवविवाहिता को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस से माफी मांगते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो में आरोपी पुलिस से गुहार लगाते हुए कह रहा है, “सर जी माफ कर दो, गलती हो गई। मुझे बहुत दर्द हो रहा है, मुझसे चला नहीं जा रहा। आगे से ऐसा नहीं करूंगा।” उसकी आवाज में पछतावा और डर साफ झलक रहा है।
जानकारी के अनुसार, पट्टी में अपने पति के साथ एक्टिवा पर जा रही नवविवाहिता को आरोपी ने गोली मार दी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन करीब दो महीने पहले लड़की के परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से कर दी थी, जिससे वह नाराज था।
आरोपी ने 21 फरवरी को नवविवाहिता को तीन गोलियां मारी थीं। घायल महिला की पहचान रूबी के रूप में हुई है, जो फिलहाल अमृतसर के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। अभी तक उसे होश नहीं आया है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें आरोपी को गोली चलाते हुए देखा गया था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।






