पटियाला, 24 फरवरी, 2026: पंजाब के पटियाला जिले के गांव लंग से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मकान का लेंटर गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में एक मकान की छत डाली जा रही थी। निर्माण कार्य के दौरान अचानक लेंटर को सहारा देने वाला गार्ड गिर गया, जिससे पूरी छत भरभराकर ढह गई। हादसे के समय वहां मजदूरी कर रहे दो युवक मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में घायल तीन से चार व्यक्तियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ है।






