ओटावा, 24 फरवरी 2026: कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पट्नायक ने कहा है कि भारत और कनाडा ने हिंसक उग्रवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने के लिए निरंतर संवाद और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने की जरूरत को समझा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की ओटावा यात्रा के दौरान कनाडा की एनएसए नाथली ड्रूइन के साथ व्यापक चर्चा हुई, जिसमें फेंटेनाइल तस्करी, साइबर अपराध, अवैध आव्रजन और ट्रांसनेशनल ऑर्गेनाइज्ड क्राइम जैसे मुद्दों पर संयुक्त कार्ययोजना बनाई गई।
दोनों देशों ने सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के बीच लायजन अधिकारियों की नियुक्ति पर सहमति जताई है, जिससे आपसी सूचना साझा करने की प्रक्रिया तेज होगी।
गौरतलब है कि 2023 में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव आ गया था।
हालांकि, 2025 में नरेंद्र मोदी के कनाडा दौरे के बाद रिश्तों में सुधार देखा गया है। अब कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी से भारत दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे मुंबई और नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान व्यापार, ऊर्जा, एआई, रक्षा, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग समेत कई क्षेत्रों में नए समझौतों पर चर्चा होने की उम्मीद है।






